मुल / नासीर खान:
एमआईडीसी मुल क्षेत्र स्थित नुरी राईस मिल में इंडस्ट्रियल मीटर से तांबे की अर्थिंग छड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार 27 की रात अज्ञात चोरों ने मिल परिसर में घुसकर मीटर क्युबिकल में लगी तांबे की अर्थिंग छड़ों को काटकर चोरी कर लिया। बुधवार सुबह खिड़की की कटी हुई सलाखें देखी गईं, जिससे स्पष्ट है कि चोर इसी रास्ते अंदर प्रवेश किए।
इस संबंध में मुल पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, किंतु अब तक न तो घटनास्थल का पंचनामा किया गया है और न ही जांच की कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है।Thieves Have a ‘Current’ Connection in MIDC!
Copper Earthing Rods Stolen from Noori Rice Mill, Police Silent
स्थानीय लोगों में इसे लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि पुलिस की ढिलाई के कारण ही चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, मीटर से अर्थिंग छड़ें काट देना बेहद खतरनाक हो सकता है। यदि अर्थिंग व्यवस्था बाधित हो जाए और कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति मीटर को छू ले, तो करंट लगने से गंभीर हादसा या मौत भी हो सकती है। एक इंडस्ट्रियल मीटर में सामान्यतः छह तांबे की अर्थिंग छड़ें लगी होती हैं, जिनकी लंबाई 10 से 12 फीट तक होती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी एसएमएस, पंचशील, जगदंबा, हिमालय और येरणे राईस मिल में इसी प्रकार की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में चिमडा स्थित एक राईस मिल की डीपी से लगभग 200 लीटर तेल चोरी होने की घटना भी सामने आई थी।
जानकारों का मानना है कि करंट सप्लाई चालू रहते हुए इस प्रकार की चोरी को अंजाम देना सामान्य भंगार चोरों के बस की बात नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि इसमें विद्युत संबंधी जानकारी रखने वाले या विभागीय ठेकेदारी से जुड़े कुछ लोगों की संलिप्तता हो सकती है।
इसी बीच बुधवार बाजार में भी मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की भावना और बढ़ गई है। लगातार हो रही इन वारदातों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों और उद्योग संचालकों ने पुलिस से त्वरित जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।
0 comments:
Post a Comment