जावेद शेख प्रतिनिधी भद्रावती:
वरोरा शहर में गणेश विसर्जन शोभायात्रा भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नगर पालिका प्रशासन, पुलिस, महावितरण तथा उपजिला अस्पताल के समन्वय से सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विद्युत एवं चिकित्सा व्यवस्था सुचारू रखी गई। गणेश मंडलों तथा नागरिकों के सहयोग से शोभायात्रा अनुशासित ढंग से संपन्न हुई।
Ganesha Visarjan completed in a devotional atmosphere at warora
नगराध्यक्ष अर्चना ठाकरे की उपस्थिति में मुख्याधिकारी सिद्धार्थ मेश्राम के नेतृत्व में कार्यालय अधीक्षक जगदीश गायकवाड, अभियंता विशाल कामडी, अभियंता नयन जमदाले, अभियंता अक्षय पितलावर, अभियंता चंद्रकांत भगत, विद्युत अभियंता भाग्यश्री लांडगे, स्वच्छता निरीक्षक भूषण सालवटकर तथा सहायक निरीक्षक अमर बिरिया सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न दायित्व संभाले।
उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष बाकल के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश सोनटक्के के नेतृत्व में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था संभाली गई। सहायक पुलिस निरीक्षक शरद भस्मे, मनीष तालेवार, गणेश मोरे, संतोष वाकड़े, किशोर मित्तरवार तथा संजय गौरकार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यवस्था में योगदान दिया। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी रखी गई।
आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के लिए डॉ. आंबेडकर चौक पर सुबह से रात तक १०८ एंबुलेंस तैनात रही। एंबुलेंस के साथ चिकित्सक एवं चिकित्सा दल भी उपलब्ध था। महावितरण के कनिष्ठ अभियंता महेश वाटेकर अपने दल के साथ विसर्जन मार्ग पर उपस्थित रहे।
हनुमान वार्ड स्थित हनुमान मंदिर से हनुमानजी का पारंपरिक रथ निकाला गया। बड़े विठ्ठल मंदिर से निकले रथ पर प्रतिष्ठित गणपति विराजमान थे। परंपरा के अनुसार इसी गणपति का प्रथम विसर्जन किया गया। शोभायात्रा में भजन-कीर्तन, पारंपरिक वाद्य और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। अखाड़ों ने शिवकालीन खेल एवं शौर्य प्रदर्शन किया। कलाकारों ने प्राचीन भारतीय युद्धकला का साहसिक प्रदर्शन किया।
सांसद प्रतिभा धानोरकर, विधायक करण देवतळे, नगराध्यक्ष अर्चना ठाकरे तथा लोकसभा संघटक मुकेश जीवतोडे ने स्वागत मंडपों में गणेश मंडलों के अध्यक्षों का सत्कार किया। इस अवसर पर पूर्व नगराध्यक्ष अहेतेशाम अली, सामाजिक कार्यकर्ता आशिष ठाकरे, नगरसेवक-नगरसेविकाएं, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 comments:
Post a Comment